मक्खन जी शास्त्री करेंगे कथा वाचन

वैष्णव पत्रिका : श्रीमद्भागवत कथा साक्षात भगवान का स्वरूप है इसीलिए श्रद्धापूर्वक इसकी पूजा-अर्चना की जाती है। इसके पठन एवं श्रवण से भोग और मोक्ष दोनों सुलभ हो जाते हैं। मन की शुद्धि के लिए इससे बड़ा कोई साधन नहीं है। सिंह की गर्जना सुनकर जैसे भेड़िए भाग जाते हैं, वैसे ही भागवत के पाठ से कलियुग के समस्त दोष नष्ट हो जाते हैं। इसके श्रवण मात्र से हरि हृदय में आ विराजते हैं।

भागवत में कहा गया है कि बहुत से शास्त्र सुनने से क्या लाभ हैं? इससे तो व्यर्थ का भ्रम बढ़ता है। भोग और मुक्ति के लिए तो एकमात्र भागवत शास्त्र ही पर्याप्त है। हजारों अश्वमेध और वाजपेय यज्ञ इस कथा का अंशमात्र भी नहीं हैं। फल की दृष्टि से भागवत की समानता गंगा,गया, काशी, पुष्कर या प्रयाग कोई भी तीर्थ नहीं कर सकता ।

सम्मान के साथ सेवा का अवसर दिलाने में सहायक- जनमानस में भागवत का विशिष्ट स्थान है, अतः भागवत के ज्ञाता के लिए रोजगार की समस्या आड़े नहीं आती। आज लाखों लोग भागवत प्रवक्ता बनकर दूसरों को जीवन-यापन का अवसर प्रदान कर रहे हैं। इस प्रकार भागवत का ज्ञान प्राप्त करके तथा प्रवचनकार बनकर कोई भी व्यक्ति धन के साथ-साथ सम्मान और यश भी अर्जित कर सकता है।

कितना और कब करें पाठ- क्योंकि बहुत दिनों तक चित्तवृत्ति को वश में रखना तथा नियमों में बँधे रहना कठिन है, इसलिए भागवत के सप्ताह श्रवण की विधि उत्तम मानी गई है।  भागवत में स्पष्टतः कहा गया है कि इसके पठन-श्रवण के लिए दिनों का कोई नियम नहीं है। इसे कभी भी पढ़ा-सुना जा सकता है। मात्र एक, आधे या चौथाई श्लोक के अर्थ सहित नित्य पाठ से अभीष्ट फलों की प्राप्ति हो सकती है- जिस घर में नित्य भागवत कथा होती है, वह तीर्थरूप हो जाता है। केवल पठन-श्रवण ही पर्याप्त नहीं- इसके साथ अर्थबोध, मनन, चिंतन, धारण और आचरण भी आवश्यक है। इस प्रकार त्रिविधि दुःखों के नाश, दरिद्रता, दुर्भाग्य एवं पापों के निवारण, काम-क्रोध आदि शत्रुओं पर विजय, ज्ञानवृद्धि, रोजगार, सुख-समृद्धि भगवतप्राप्ति एवं मुक्ति यानी सफल जीवन के संपूर्ण प्रबंधन के लिए भागवत का नित्य पठन-श्रवण करना चाहिए, क्योंकि इससे जो फल अनायास ही सुलभ हो जाता है वह अन्य साधनों से दुर्लभ ही रहता है। वस्तुतः जगत में शुककथा (भागवत शास्त्र) से निर्मल कुछ भी नहीं है। इसलिए भागवत रस का पान सभी के लिए सर्वदा हितकारी है-

रसिक शिरोमणि परिवार की ओर से रतन बिहारी पार्क में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन १६ मई से  किया जाएगा। श्री मद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव 16 मई से 22 मई तक चलेगा। कथावाचन पंडित श्री मक्खन लाल व्यास ‘शास्त्री जी’ द्वारा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से आरम्भ होगा। यह जानकारी रसिक शिरोमणि परिवार के विजय शंकर व्यास मुखिया जी ने दी, उन्होंने बताया कि कथा की शुरुआत से पहले कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस कथा सन्दर्भ में रतन बिहारी मंदिर में पोस्टर विमोचन किया गया। विमोचन में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, कांग्रेस नेता राजकुमार किराडू, युवा भाजपा नेता विजयमोहन जोशी, कांग्रेसी नेता कौशल दुगड़, गौ-सेवक मन्नू सेवग, पार्षद गिरिराज जोशी, भाजयुमो उपाध्यक्ष मनीष सोनी, भाजपा उपाध्यक्ष अशोक बोबरवाल, नीलम डागा, अशोक डागा, संगीता जोशी, श्वेता चौधरी इंस्पेक्टर देवस्थान विभाग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ